अनूपपुर। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में संपन्न हुई। कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 52 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, एसडीएम पुष्पराजगढ़, सभी तहसीलों के तहसीलदारों एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगणों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।
जनसुनवाई में ग्राम दुलहरा तहसील अनूपपुर के बरन पटेल ने पट्टे की भूमि का बटनवारा कराए जाने, ग्राम देवहरा तहसील अनूपपुर के संतोष धुर्वे ने जाति प्रमाण पत्र एवं बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने, ग्राम सेंदुरी तहसील अनूपपुर के रमेश राठौर ने पट्टे की भूमि का नक्शा तरमीम कराए जाने, ग्राम झिरोखा तहसील कोतमा के ईश्वर सिंह ने अनुकम्पा नियुक्ति दिलाए जाने, ग्राम जर्राटोला तहसील कोतमा के छबलू जायसवाल ने भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम क्योटार तहसील जैतहरी की श्रीमती ऊषा बाई भरिया ने बच्चे का आधार कार्ड बनाए जाने, ग्राम तितरीपोड़ी तहसील अनूपपुर के हेतराम गोंड ने पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन दिए।













