जैतहरी। भारतीय सेना में चयन होना एक कठिन श्रम करने जैसा विषय है। जिसे शिवम यादव ने नगर परिषद जैतहरी में संचालित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम लाइब्रेरी एंड स्मार्ट क्लासेज में अध्ययनरत होकर कर दिखाया है। शिवम यादव ने अपने कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बलबूते भारतीय सेना (Indian Army) में चयन प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। शिवम यादव ने इस आधुनिक और सुलभ सुविधा का लगातार लाभ लेते हुए नियमित रूप से लाइब्रेरी में अध्ययन रहते हुए एवं लाइब्रेरी में उपलब्ध तमाम सुविधाओं का लाभ एवं जानकारी ने उन्हें तैयारी के हर चरण में सहायता प्रदान की। इस पर नगर परिषद अध्यक्ष सहित मित्र, परिवारजन एवं नगर के लोगों ने शिवम यादव को इस सफलता के लिए बधाई दी। यह उपलब्धि न केवल शिवम यादव के व्यक्तिगत जीवन में मील का पत्थर है, बल्कि जैतहरी और आसपास के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन कर सामने आया है। भारतीय सेना में चयन के साथ ही उन्होंने यह साबित कर दिया कि सही दिशा और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।
ज्ञात हो कि डॉ. कलाम के नाम पर संचालित इस लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास सेंटर ने ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए एक नई उम्मीद की किरण दिखाई है। यहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, डिजिटल संसाधन और ऑनलाइन मटेरियल उपलब्ध होने से शिवम यादव ने उसका सही उपयोग कर सफलता की मिशाल प्रस्तुत किया है। जिससे यह सिद्ध कर दिया कि यह केवल एक चयन नहीं, जैतहरी की मिट्टी से निकली प्रेरणा की कहानी है, जो यह सिखाती है कि लक्ष्य बड़ा हो तो संसाधन नहीं, संकल्प मायने रखता है। शिवम यादव का यह चयन उन सभी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है, जो ग्रामीण परिवेश से आते हैं और सीमित संसाधनों के बीच अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।















