सीधी। रामपुर नैकिन विकासखंड इलाके में बगैया टोला से गजरी को जोड़ने वाली सड़क बदहाल अवस्था में थी। उस पर राजनीति उठापटक के बीच सड़क निर्माण अधर में था।राजनीति क्या चीज है इसका अगर आकलन मात्र करना हो, तो बगैया टोला की सड़क निर्माण की मांग पर नजर फेरकर देख सकते हैं। जहाँ एक ओर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह कहते हैं कि सड़क निर्माण की मांग सुनते ही हम निर्माण सम्बन्धित चीजे लेकर रोड बनाने नहीं निकल सकते उसकी एक प्रक्रिया होती है, क़ानून, संविधान के नियम कायदे का पालन करना होता है। लेकिन दूसरी ओर बयानों के ऊहापोह के बीच चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने स्वयं ही खर्च कर यूट्यूबर लीला साहू की पुकार को संबल दे दिया है। और गांव की सड़क में मुरमीकरण का काम शुरू करवा दिया है। जिससे गांव के लोगों को आंशिक राहत मिली है। यह कार्य चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल खुद के खर्च से करवा रहे हैं। लीला साहू का कहना है कि हमें सड़क से मतलब है। गांव में सड़क बनने से बीमार व्यक्ति समय से अस्पताल पहुंच सकेगा और बच्चे हर रोज स्कूल जाएंगे। बता दें कि यूट्यूबर लीला साहू पिछले एक साल से खड्डी खुर्द से गजरी गांव तक (करीब 10 किमी) की सड़क निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री, परिवहन मंत्री समेत स्थानीय सांसद डॉ. राजेश मिश्रा से मांग कर रही हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में सांसद ने कहा था कि वे प्रसव की डेट बता दें, हम उसके पहले ही उठवा लेंगे। लीला साहू ने बताया कि लगातार वर्षा के बाद पिछले दिनों घर तक एंबुलेंस लाने की कोशिश की गई थी, लेकिन कीचड़ होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। गांव में लीला सहित छह गर्भवती महिलाएं हैं। मुरमीकरण होने से गांव के लोग खुश हैं। सड़क स्वीकृत है और वर्षा के बाद काम शुरू हो सकता है। वहीं अजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पर्यायी व्यवस्था करा दी है।













