साइबर सेल की मदद से चढ़े पुलिस के हत्थे आरोपी, त्वरित कार्रवाई से आरोपी पुलिस के गिरफ्त में, न्यायालय ने भेजा जेल
भालूमाड़ा। पुलिस अधीक्षक मोती-उर-रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना भालूमाड़ा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह है मामला
ग्राम लतार निवासी अजय कुमार कोल को गाँव के ही गणेश प्रजापति, दीपक प्रजापति और अर्जुन प्रजापति लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मृतक को आरोपियों द्वारा अपमानित कर धमकाया जाता था, साथ ही मारपीट कर मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया था। लगातार प्रताड़ना और मानसिक तनाव से क्षुब्ध होकर अजय कुमार कोल ने दिनांक 23 अगस्त 2025 को आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच के बाद थाना भालूमाड़ा पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 379/2025 धारा 108, 115(2), 324(4), 3(5) बीएनएस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद से आरोपी गणेश प्रजापति और अर्जुन प्रजापति को ग्राम पड़ौर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से दोनों को जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय खलको, उप निरीक्षक जे.पी. लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक रविशंकर गुप्ता, प्रधान आरक्षक कृपाल सिंह, जितेन्द्र खलको, आरक्षक देवेन्द्र तिवारी, धर्मेन्द्र यादव, साइबर सेल राजेन्द्र अहिरवार, पंकज मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही।













