अनूपपुर। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल के द्वारा प्रदेश स्तर पर दिनांक 08.09.2025 से 22.09.2025 तक यातायात नियमों के उल्लघन कर्ता वाहन चालको के विरूद्ध 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशन में थाना कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा सोमवार की सुबह नाबालिक बालको के द्वारा वाहन चलाये जाने का चेकिंग अभियान चलाया जाकर चालानी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविन्द जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक कमलेश सिंह चौहान, आरक्षक अमित यादव, दिलीप कुमार एवं मोहित यादव की टीम के द्वारा नगर में संचालित विभिन्न विद्यालयों में वाहनों से आने जाने वाले नाबालिक छात्र छात्राओं की चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा की गई चेकिंग के दौरान 6 ऐसे नाबालिक छात्रों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई जो कम उम्र के होने के उपरांत भी मोटरसायकल चलाते हुये पाये गये है। पुलिस द्वारा उक्त अभियान लगातार जारी रखा जायेगा। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान द्वारा छात्र छात्रओं के अभिभावकों एवं शैक्षणिक संस्थान के संचालको से अपील की है कि सड़क पर होने वाली वाहन दुर्घटनाओं से बचने के लिए अभिभावक अपने नाबालिक बालक अथवा बालिका को वाहन नहीं चलाने दे एवं यातायात के नियमों का पालन करें।














