अनुपपुर। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष नवरत्नी शुक्ला के विरुद्ध वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल गुप्ता द्वारा सार्वजनिक मंच से अभद्र शब्दों का उपयोग कर अपमानित किया गया। जिसमें अनिल गुप्ता ने श्रीमति शुक्ला को कुलक्षणी कह दिया। अनिल गुप्ता के बयान से आहत नवरत्नी शुक्ला ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अपने लेटरहेड में उल्लेखित किया कि मैं पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद् जैतहरी एवं वर्तमान में अनुपपुर जिला महिला मोर्चा की महामंत्री एवं निर्वाचित पार्षद हूँ। दिनांक 28/08/2025 को नगर परिषद् के एक उद्घाटन कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से अपने भाषण में अनिल गुप्ता जो कि पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विन्ध्य विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष हैं ने मेरे लिए कुलक्षणी एवं पिशाच जैसे अपशब्दों का उपयोग कर मुझे अपमानित किया गया, इस प्रकार मेरे लिए अपशब्द कहने से मैं बहुत व्यथित हूँ एवं मेरे समाज के लोग भी उद्देलित है। अनिल गुप्ता सोशल मीडिया में अश्लील फोटो डाल कर पूर्व में ही पार्टी की छवि धूमिल कर चूका है। मैं ब्राम्हण सभ्य समाज की घरेलु महिला हूँ मेरी जैतहरी नगर के साथ साथ आसपास के पचासों गांवों में परिवार एवं रिश्तेदार हैं अनिल गुप्ता के इस प्रकार अपशब्दों से मैं अपने आप को बहुत अपमानित महसूस कर रही हूँ। महिलाओं के हमेशा दुर्भावना रखने वाले अनिल गुप्ता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
12 फीट की सड़क 35 फीट कर दी
भाजपा नेता अनिल गुप्ता ने कहा जैतहरी में बने अटल द्वार को लेकर नवरत्नी शुक्ला ने रेलवे को एक पत्र लिखा था। उस पत्र में अटल द्वार बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी। कहा था कि इससे अतिक्रमण हुआ है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। ये वही लोग हैं, जिन्होंने जैतहरी नगर परिषद में भाजपा की सरकार बनाने की कसम खाई थी, लेकिन उससे भी मुकर गए थे। अनिल गुप्ता ने आगे कहा कि जैतहरी के एक चौक पर 12 फीट की सड़क चौड़ीकरण कर उसे 35 फीट किया गया। वहीं किनारे पर अटल जी की प्रतिमा स्थापित की गई। कुछ कुर्सियां लगाई गई थीं, जिससे लोग वहां बैठ सकें। इसका अनावरण होना भी बाकी है। इसके विरोध में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष नवरत्नी ने रेल मंत्री को एक पत्र लिखा और इस जगह पर अतिक्रमण होना बताया, जबकि हमने 12 फीट की सड़क को 35 फीट कर दिया। अब कैसा अतिक्रमण। जो अंडरब्रिज बना आपको नहीं मालूम होगा जो सर्च लाइट जल रही है, उसका पूरा पैसा नगर पालिका देती है। विद्युत व्यवस्था नगर पालिका देख रही है। पालिका और रेलवे एक-दूसरे के पूरक हैं, इसलिए इन चेहरों को पहचानिए। जो नगर के नासूर हैं। मैं राजनीतिक बात इसलिए नहीं कहना चाहता मित्रो, लेकिन आज हम एक परिवार के लोग एकत्रित हैं।
भाजपा ने अपने ही नेता के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
अनिल गुप्ता के बिगड़ते बोल से भाजपा ने आनन फानन पल्ला झाड़ते हुए अपने ही वरिष्ठ नेतृत्व के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि अनिल गुप्ता के द्वारा जैतहरी में आयोजित एक कार्यक्रम दौरान महिलाओं के प्रति दिए गए विवादित बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं का सदैव सम्मान करती है यदि वरिष्ठ नेता अनिल गुप्ता ने किसी भी महिला के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, तो वह दुर्भाग्यपूर्ण है संगठन के किसी भी कार्यकर्ता और पदाधिकारी को कोई ऐसी बात किसी ऐसे मंच से नहीं करना चाहिए। जिससे कि किसी के मान सम्मान को ठेस पहुंचे। हम ऐसे बयान को लेकर संवेदनशील हैं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।














