पहली ही बारिश में सड़क पर आई दरार, नोटिस जारी
पसान। कायाकल्प 2.0 योजनांतर्गत बिटुमिन रोड निर्माण कार्य के संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने ठेकेदार अजय यादव को पत्र लिख कर सूचित किया कि आपके द्वारा कायाकल्प 2.0 योजना अंतगर्त बिटुमिन रोड निर्माण का कार्य किया गया है। जिसका कार्यादेश क्रमांक/ई-न०पा०प०/यॉ/2025/114 पसान दिनांक 14.01.2025 से जारी किया गया था। आपके द्वारा वार्ड क्रमांक 18 से वार्ड क्रमांक 16 अमन चौक तक बनाई गई सडक का सरफेस मानक अनुरुप नही है तथा सडक कई जगह छतिग्रस्त हो चुकी है। आपको आदेशित किया जाता है, कि उक्त सडक को निर्धारित मापदण्ड अनुसार 15 दिवस के अंदर सुधारकर अधोहस्ताक्षरकर्ता को सूचित करना सुनिश्चित करें अन्यथा की स्थिति में सम्पूर्ण जबावदारी आपकी स्वयं की होगी।
गुणवत्ताविहीन निर्माण के सम्बन्ध पहले भी हो चुका है पत्र जारी
क्र.01/न.पा./लो.नि./2023-24 बिजुरी, दिनांक-1/01/2024 को अजय कुमार एण्ड ब्रदर्स जमुना कालरी को कायाकल्प योजना 1.0 अन्तर्गत नगरपालिका परिषद् बिजुरी क्षेत्र मे हनुमान मंदिर से स्टेशन तिराहा व स्टेशन तिराहा से पुराना थाना होते हुए हनुमान मंदिर तक बी.टी. रोड के संबंध में कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास शहडोल संभाग शहडोल का पत्र क्र. 2415 दिनांक 29.12.2023 पत्र जारी कर उल्लेखित किया था कि निकाय द्वारा कार्यालयीन आदेश क्र. 874 दिनांक 07.06.2023 से कायाकल्प योजना 1.0 अन्तर्गत हनुमान मंदिर से स्टेशन तिराहा व स्टेशन तिराहा से पुराना थाना होते हुए हनुमान मंदिर तक डामर रोड सुद्रणीकरण का कार्यादेश दिया गया था। आपके द्वारा गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य किया गया है, जिसके संबंध में आपके द्वारा किये जा रहे कार्य को दिनांक 06.12.2023 को बंद करवा दिया गया था। उक्त कार्य कर निरीक्षण कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास शहडोल संभाग शहडोल एवं निकाय के उपयंत्री साथ ही आप स्वयं एवं क्षेत्र के अन्य निवासी गवाहों के समक्ष निर्मित डामर रोड लम्बाई 478 मीटर एवरेज चौड़ाई लगभग 08 मीटर रोड की गुणवत्ता जांच में बिटुमन की मात्रा की जांच दिनांक 23.12.2023 एवं दिनांक 27.12.2023 को किया गया, निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रोड दोनो तरफ लगभग 25 सेंटीमीटर से 30 सेंटीमीटर मे डामर निकल रहा है, उक्त पैच मे काम्पैक्सन नही किया गया है। जांच के दौरान 478 मीटर लंबी निर्मित रोड मे से लगभग 50 मीटर रोड में बिटुमन की मात्रा एवरेज 6.6 प्रतिशत है लेकिन शेष 428 मीटर लंम्बाई मे एवरेज 3.7 प्रतिशत डामर की मात्रा पाई गई है, जिनका पंचनामा तैयार किया गया। इस वास्ते आपके द्वारा 428 मीटर निर्मित रोड को अमान्य किया गया है एवं निर्मित रोड को उखाड़कर निर्धारित स्पेशिफिकेशन एवं तकनीकी माप दण्ड अनुसार 3 दिवस के अन्दर कार्य प्रारंभ करें अन्यथा की स्थिति में आपके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी आपकी स्वयं की होगी।
कायाकल्प 2.0 में बनी सड़क पर आई दरार
नगर पालिका परिषद पसान अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18 शंकर से वार्ड क्रमांक 16 तक की सड़क निर्माण कार्य का ठेका आजाद यादव के नाम पर था लेकिन उक्त सड़क निर्माण गुणवत्ताविहीन किए जाने से सड़क जगह जगह से फट गई है। साथ ही सड़क पर से गिट्टी ऊपर दिखने लगा है। जिसके परिणामस्वरूप सड़क से आने जाने वाले राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उक्त सड़क निर्माण की राशि 44 लाख स्वीकृत की गई थी, परन्तु जिस तरह से सड़क का निर्माण किया गया है एवं जगह जगह दरारें हैं और सड़क पर से गिट्टी बाहर दिख रहा है उससे यही प्रतीत होता है कि उक्त सड़क निर्माण में शासकीय राशि का बंदरबाँट पूर्ण रूप से किया गया है, जिसकी उच्च स्तरीय जाँच कर सड़क निर्माण की राशि का रिकवरी किया जाना चाहिए।















