दस्तक अभियान में बच्चों की होगी स्वास्थ्य जाँच
अनूपपुर। जिलेभर में 22 जुलाई से 16 सितम्बर तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पाँच साल तक के सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जाँच की जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. वर्मा ने बताया कि दस्तक अभियान के लिए प्रत्येक विकासखण्ड में प्रशिक्षित दल तैनात किए गए हैं। इस दल में एएनएम, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। इनके द्वारा घर-घर जाकर पाँच साल तक के सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जाँच की जाएगी। सभी चिन्हित बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार एवं समुचित उपचार की सुविधा दी जाएगी। बच्चों को विटामिन ए का घोल, जिंक की टैबलेट तथा ओआरएस दिया जाएगा। वजन लेकर भी बच्चों के पोषण स्तर की माप की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दस्तक अभियान में जो बच्चे कुपोषित अथवा बीमार मिलेंगे उन्हें उपचार की सुविधा देने के साथ-साथ उनका लगातार फॉलोअप किया जाएगा। अभियान के दौरान पाँच साल तक के सभी बच्चों में निमोनिया, जन्मजात विकृति एवं बच्चे की वृद्धि में विलंब की भी जाँच की भी की जाएगी। अभियान के दौरान बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण भी किया जाएगा। बच्चों की स्वास्थ्य की जाँच के दौरान सिकल सेल एनीमिया की भी पहचान की जा जाएगी। अभियान के दौरान पाँच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक भी दी जाएगी। अभियान के दौरान प्रत्येक बच्चे के अभिभावक को ओआरएस के दो पैकेट दिए जाएंगे। यदि कोई बच्चा डायरिया से पीड़ित पाया गया तो उसे अतिरिक्त दो पैकेट दिए जाएंगे। बच्चों को जिंक की 14 गोलियाँ भी दी जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर अभियान चलाएंगे। इस अभियान में शिक्षा विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग का भी पूरा सहयोग लिया जाएगा।













